Indian Railways News => Topic started by nikhilndls on Aug 09, 2013 - 00:00:27 AM


Title - पैसा नहीं होंने से 368 रेल प्रोजेक्ट अटके
Posted by : nikhilndls on Aug 09, 2013 - 00:00:27 AM

नई दिल्ली.  देशभर में चलने वाली 368 रेल परियोजनाएं फिलहाल पैसे के अभाव में लंबित पड़े हुए हैं. ये जानकारी आज सरकार ने संसद मे दी है. सरकार के मुताबिक 368 रेल परियोजनाएं लंबित हैं जिन्हें पूरा करने के लिए 1 लाख 78 हजार करोड़ रुपये की जरूरत होगी.

लोकसभा में शरद यादव, शैलेन्द्र कुमार, गणेश नाइक, अर्जुन राम मेघवाल के प्रश्न के उत्तर में रेल मंत्री मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि 1 अप्रैल 2013 की स्थिति के अनुसार अभी 368 रेल परियोजनाओं पर काम जारी है जिनमें 156 नई रेल लाइन, 43 आमान परिवर्तन और 169 दोहरीकरण से जुड़ी परियोजनाएं हैं.

उन्होंने कहा कि इन्हें पूरा करने के लिए 1.78 लाख करोड़ रुपये की जरूरत होगी. अभी हर वर्ष 9 हजार करोड़ रुपये खर्च हो रहे हैं. इन परियोजनाओं को पूरा करने के लिए राजस्व जुटाने का प्रयास किया जा रहा है.

रेल मंत्री ने कहा कि पिछले तीन वर्षो में 171 नई रेल परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है जिनमें 5,431 किलोमीटर की 54 नई रेल लाइन, नौ आमान परिवर्तन और 108 दोहरीकरण की परियोजनाएं शामिल हैं. खड़गे ने कहा कि उपलब्ध संसाधनों के अनुरूप परियोजनाओं पर काम आगे बढ़ाया जा रहा है.

इससे पहले भी पूर्व रेलमंत्री पवन बंसल ने कहा था कि रेल मंत्रालय के पास पैसे का अभाव है. हाल के दिनों में रेल किराया में बढ़ोत्तरी के पीछे भी सरकार ने यही कारण बताया था.