Indian Railways News => Topic started by eabhi200k on Oct 02, 2012 - 12:00:30 PM


Title - पटरी चोरी पचाने में जुटा रेल महकमा
Posted by : eabhi200k on Oct 02, 2012 - 12:00:30 PM

अमेठी : चोरों ने कीमती रेलवे पटरियां चुरा लीं और विभाग के किसी अधिकारी को कानोकान खबर तक नहीं हुई। जांच शुरू भी हुई तो अब महकमे के इशारे पर आरपीएफ लीपापोती में जुटी है।12 सितंबर को चोरों ने ताला रेलवे स्टेशन पर रखी रेल पटरियां पार कर दी थीं। तेरह को आरपीएफ प्रतापगढ़ की टीम ने मौके की छानबीन कर जल्द खुलासा करने की बात कही लेकिन पंद्रह दिन बीत जाने के बाद भी अब तक मामले में पुलिस एक भी कदम आगे नहीं बढ़ सकी है। उधर सूत्रों की माने तो पुलिस की खामोशी की वजह महकमे के ही कुछ अधिकारी हैं। महकमे के इन्हीं जिम्मेदारों की वजह से आरपीएफ मामले को दबा रही है। जबकि पटरियों का गायब होना किसी के भी गले नहीं उतर रहा है। एक रात में पटरियां गायब हो जाना कहीं से भी सही नहीं लगता। भारी-भरकम लोहे को कौन और किस तरह ले गया इसे लेकर भी लोग सशंकित हैं। सूचना पर मौके पर पहुंची आरपीएफ प्रतापगढ़ ने मामले की छानबीन तो शुरू कर दी लेकिन सत्रह दिन बीत जाने के बाद भी उस छानबीन को कोई परिणाम सामने नहीं आया है।

थाना प्रभारी बोले
इस बाबत जब आरपीएफ थाना प्रभारी प्रतापगढ़ से उनके मोबाइल नंबर 9794833710 पर बात करने का प्रयास किया गया तो वे गोलमोल जवाब दे रहे थे। उन्होंने कहा कि मामला काफी पहले का है इसलिए याद नहीं है।

डीआरएम बोले
मामले को लेकर डीआरएम लखनऊ जयदीप राय से उनके मोबाइल नंबर 9794833000 पर बात की गई तो उन्होंने स्वीकार किया कि दो रेल पटरियां जिनकी लंबाई 13 मीटर है, चोरी हो गई हैं। मामले की छानबीन की जा रही है।