Indian Railways News => Topic started by nikhilndls on Sep 25, 2012 - 00:00:50 AM


Title - दुमका-रांची ट्रेन सेवा शुरू
Posted by : nikhilndls on Sep 25, 2012 - 00:00:50 AM

जागरण प्रतिनिधि, दुमका : अब दुमका से रांची आना-जाना और भी आसान होगा। केन्द्रीय रेल राज्यमंत्री के.एच.मुनियप्पा ने सोमवार को दुमका-रांची इंटरसिटी एक्सप्रेस को यहां से हरी झंडी दिखा कर रवाना किया। यह ट्रेन जामा व देवघर स्टेशन पर भी रुकेगी।

इस मौके पर अपने संबोधन में मंत्री ने कहा कि आज का दिन दुमका के लिए ऐतिहासिक है। सभी दलों के सामूहिक प्रयास से दुमका सीधे झारखंड की राजधानी से जुड़ गया। जनहित को ध्यान में रखते हुए जामा व देवघर स्टेशन पर भी इंटरसिटी एक्सप्रेस को रोकने का आदेश दिया गया है। इसका अनुपालन मंगलवार से होगा। उन्होंने जसीडीह-दुमका रेल लाइन को भी दुरुस्त करने के लिए कार्य योजना तैयार करने का निर्देश रेलवे अधिकारियों को दिया। ताकि इस दिशा में कारगर पहल हो सके। उन्होंने इस खंड में वास लाइन को भी बहाल करने का निर्देश दिया।

इससे पूर्व समारोह में उपस्थित दुमका के सांसद सह राज्य समन्वय समिति के अध्यक्ष शिबू सोरेन ने कहा कि आज दुमकावासियों का सपना साकार हो रहा है। इससे यहां के लोगों का सम्मान बढ़ा है। भविष्य में भी यहां और ट्रेन व नागरिक सुविधाएं बढ़े इस दिशा में उनके स्तर से प्रयास जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि दूसरे शहरों को भी रेल सेवा से जोड़े जाने की जरुरत है। दुमका से रामपुरहाट तक भी शीघ्र रेल लाइन का कार्य पूरा किया जाना चाहिए।

डिप्टी सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि अब धीरे-धीरे संताल परगना का परिदृश्य बदल रहा है। परिवर्तन का दौर शुरू हो चुका है। उन्होंने कहा कि नई इंटरसिटी रेल के परिचालन का समय परिवर्तन जरुरी है। आम आदमी की यात्रा सुलभ हो सके इसके लिए रेलवे महकमा इस दिशा में गंभीरता से पहल करे।

भाजपा के गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे ने कहा कि आज का दिन खुशियां मनाने का है। राजनीति से ऊपर उठकर विकास की लकीर खींचने की जरुरत है। झारखंड अलग होने के बाद भी संताल परगना हर मायने में उपेक्षित है। जिस तरह से अखंड बिहार में रांची की स्थिति थी, ठीक वैसी ही स्थिति आज संताल परगना की है। ऐसे में इस इलाके में तेजी से आधारभूत संरचनाओं को बहाल करने की जरुरत है। आवागमन के क्षेत्र में दुमका दिल्ली, कोलकाता, रामपुरहाट, भागलपुर समेत अन्य शहरों से जुड़ जाए, इसके लिए उनका प्रयास अनवरत जारी रहेगा। उन्होंने रेल राज्यमंत्री से कोलकाता से जसीडीह तक जनशताब्दी रेल चलाने की भी मांग की। कांग्रेसी नेता प्रो.स्टीफन मरांडी ने कहा कि केन्द्रीय योजनाओं के क्रियान्वयन में राज्य सरकार को तेजी लाने की जरुरत है। दुमका से इंटरसिटी ट्रेन का परिचालन शुरु होने से विकास का अवसर खुला है। समारोह को जिला परिषद अध्यक्ष पुलिस नाथ मरांडी व नगर परिषद अध्यक्ष अमिता रक्षित ने भी संबोधित किया।