Indian Railways News => Topic started by chotelal on Nov 09, 2012 - 03:00:06 AM


Title - डीआरएम ने किया महोबा स्टेशन का निरीक्षण
Posted by : chotelal on Nov 09, 2012 - 03:00:06 AM

महोबा, कार्यालय संवाददाता : उत्तर-मध्य रेलवे के मंडल रेल प्रबंधक नवीन चोपड़ा ने बुधवार को महोबा मुख्यालय के रेलवे स्टेशन का गहन निरीक्षण किया। खामियां देख जिम्मेदार अधिकारियों को फटकार लगाते हुए जल्द ही इन्हें दूर करने के निर्देश दिये।
बताते हैं कि 19 नवंबर को मंडल के महाप्रबंधक (जीएम) आलोक जौहरी का आगमन प्रस्तावित है। दोपहर बाद आये डीआरएम ने स्टेशन के उच्चीकरण के कार्य की हकीकत परखी। उन्होंने रेलवे आरक्षण, यात्री प्रतीक्षालय, अस्पताल, गेस्ट हाउस आदि का निरीक्षण किया। साथ ही रेलवे द्वारा बनाई गयी रेलवे कॉलोनी की पड़ताल करने भी पहुंचे। लोगों ने फर्श की ढाल ठीक न होनी की शिकायत की। नाराज यात्रियों ने यह शिकायत थी की कि यहां बने शौचालयों में ताला बंद रहता है, जिससे परेशानी उठानी पड़ती है।
स्टेशन पर पर्याप्त सफाई न होने पर उन्होंने स्टेशन अधीक्षक एस.सी. पटेल को फटकार लगाकर पूछा कि प्लेटफार्म की कब धुलाई की गयी थी? निरीक्षण में सीनियर डीजीएम राजेश कुमार, आरपीएफ कमांडेंट राजीव यादव, नवीन बाबू, आर.के. लटैरिया, हरिओम शर्मा, सहायक मंडल अभियंता, महोबा के बी.आर. वर्मा समेत मंडल स्तर के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
मेटल डिटेक्टर शो पीस : रेलवे स्टेशन की सुरक्षा को लगा मेटल डिटेक्टर महीनों से खराब पड़ा है। इसके पूर्व भी कई बार निरीक्षण में यही हाल बना रहा।
पहले भी चले थे फव्वारे? : विभाग ने स्टेशन के प्रवेश द्वार पर फव्वारा लगवाया थास लेकिन यह डीआरएम को रास न आया। उन्होंने स्टेशन प्रबंधक से पूछा कि क्या यह पहले भी चलता था? इस पर मौजूद अधिकारी बगले झांकने लगे।
बंदर ने डाला खलल : निरीक्षण के दौरान स्टेशन परिसर बंदरों का जोड़ा आ पहुंचा। पहले वह यहां पड़ी कुर्सी पर बैठ गये। एक यहां खड़ी डीआरएम की स्पेशल ट्रेन में जा घुसा। आरपीएफ के सिपाही उसे निकालने की जद्दोजहद करने लगे।