Indian Railways News => Topic started by irmafia on Jan 11, 2013 - 18:00:16 PM


Title - ट्रेन में कर्मियों की मनमानी से भड़के यात्री
Posted by : irmafia on Jan 11, 2013 - 18:00:16 PM

आनंद विहार (दिल्ली) स्टेशन से चल कर भागलपुर आने वाली गरीब रथ एक्सप्रेस में एसी तकनीशियन व कोच अटेंडर की मनमानी से त्रस्त यात्रियों ने गुरुवार को रेलवे स्टेशन पर हंगामा किया. एरिया मैनेजर व स्टेशन प्रबंधक ने यात्रियों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए दोषी कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया. यात्रियों की शिकायत पुस्तिका में दर्ज की, इसके बाद ही यात्री शांत हुए.गरीब रथ में सफर कर रहे भाजपा नेता निरंजन प्रसाद साहा ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ आ रहे थे. आनंद विहार स्टेशन से ट्रेन खुलने के बाद जब यात्रियों ने बाथरूम का इस्तेमाल किया, तो वहां पानी नहीं था. इसकी शिकायत टीटीइ व गार्ड से की गयी, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला. बिना पानी के ही यात्रियों को सफर करना पड़ा. उन्होंने बताया कि रात्रि में अचानक एसी तकनीशियन ने भीषण ठंड में ब्लोअर चलाने के बजाय ठंडी हवा के लिए एसी को काफी तेज पर चला दिया, इससे सभी यात्री ठंड से सारी रात ठिठुरते रहे. खोजने के बाद भी एसी तकनीशियन का कहीं पता नहीं चला. सुबह जब ट्रेन पटना जंक्शन पर रुकी तो यात्रियों ने इसकी शिकायत स्टेशन प्रबंधक से की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई और ट्रेन वहां से भी रवाना हो गयी.
नाराज यात्रियों ने ट्रेन में हंगामा करना शुरू किया और किसी तरह एसी तकनीशियन व कोच अटेंडर को खोजा गया. उसने अपनी गलती मानते हुए तत्काल एसी बंद किया तथा चलती ट्रेन में ही बिना किसी स्टेशन से सहयोग लिये बाथरूम में पानी की भी व्यवस्था कर दी. यात्रियों का कहना था कि गरीब रथ में अकसर ऐसा ही किया जाता है. कूलिंग तेज कर यात्रियों को जबरन बेड रोल व कंबल लेने पर मजबूर किया जा सके और वेंडरों के साथ सांठ-गांठ कर बंद बोतल पानी की बिक्री में इजाफा हो. इन सबमें एसी तकनीशियन व कोच अटेंडर का कमीशन बंधा होता है.
इन्हीं बात को लेकर भागलपुर स्टेशन उतरने के बाद यात्रियों ने स्टेशन प्रबंधक के कक्ष के समक्ष प्रदर्शन करना शुरू कर दिया. भाजपा नेता श्री साहा ने बताया कि उन्होंने इसकी जानकारी फोन से मालदा डिवीजन के मंडल रेल प्रबंधक को भी दी है. उन्होंने इस मामले को लेकर उपभोक्ता फोरम में शिकायत करने तथा रेल विभाग पर आपराधिक वाद दायर करने की भी बात कही है. इस संबंध में स्टेशन प्रबंधक ने ट्रेन में जन सुविधाएं सुनिश्चित करने व दोषी कर्मचारियों पर विभागीय कार्रवाई करने की बात कही है.