Indian Railways News => Topic started by nikhilndls on May 01, 2012 - 06:00:10 AM


Title - जालंधर-पठानकोट रूट पर चलेगी ईएमयू
Posted by : nikhilndls on May 01, 2012 - 06:00:10 AM

जालंधर. जालंधर से पठानकोट के बीच जल्द ही इलेक्ट्रिक पैसेंजर ट्रेन चलाई जा सकेगी। रूट पर इलेक्ट्रिक इंजन चलाने का काम तो पहले ही मुकम्मल हो चुका था। अब बिजली का बंदोबस्त भी हो गया है। सोमवार को दसूहा में 220 केवी सब स्टेशन का उद्घाटन होने जा रहा है। इसके लिए सेंट्रल ऑर्गेनाइजेशन ऑफ रेलवे इलेक्ट्रिफिकेशन विभाग के जीएम जगदेव कालिया आएंगे। फिलहाल इस ट्रैक पर माल गाड़ियां चक्की पुल तक चलाई जा रही हैं, लेकिन पैसेंजर ट्रेनें चलाने के लिए सर्वे बाकी है। माल गाड़ियों के लिए सप्लाई बुटारी सब स्टेशन से ली जा रही है। अब रेलवे ने अपना सब स्टेशन बना लिया है, जिसके लिए पावरकॉम से कनेक्शन लेना बाकी है।

निर्माण की वजह से आगे नहीं बढ़ेंगी इलेक्ट्रिक ट्रेनें
चक्की पुल पर डबल ट्रैक का काम चल रहा है, जिसकी वजह से ट्रैक पर आगे इलेक्ट्रिफिकेशन का काम नहीं हो पा रहा है। इसी तरह पठानकोट का फुटओवर ब्रिज भी समस्या बना हुआ है क्योंकि ब्रिज की वजह से तारें डालने का काम पूरा नहीं हो रहा। यह ब्रिज ऊंचा करने या नया बनाने के बाद ही पठानकोट स्टेशन तक ट्रेनें पहुंच पाएंगी। हालांकि इलेक्ट्रिफिकेशन का काम जम्मू स्टेशन तक पहुंचाने के लिए भी तैयार पड़ा है।

तैयारियां पूरी
चीफ प्रोजेक्ट मैनेजर दयाल डोगरा ने कहा कि सब स्टेशन बनाने का काम पूरा हो चुका है, जिसका उद्घाटन सोमवार को कर दिया जाएगा। इससे बिजली की समस्या भी खत्म हो जाएगी। इलेक्ट्रिक ट्रेनों की रफ्तार डीजल से अधिक होती है।

दोहरीकरण में बाधा बने रेलवे क्वार्टर

जालंधर से जम्मू तक रेल मार्ग के दोहरीकरण का काम भी पूरा हो चुका है। बस जालंधर सिटी से सुच्ची पिंड तक का रूट बाकी है। इस रूट पर काम के लिए रेलवे को कोई ठेकेदार ही नहीं मिल पा रहा था। अब ठेका हो चुका है, लेकिन प्रोजेक्ट शुरू नहीं किया जा सका है। साथ ही ट्रैक से सटकर बने रेलवे के क्वार्टर भी समस्या बने हुए हैं। यदि रूट पर दोहरीकरण हो जाए, तो ट्रेनों की रफ्तार भी बढ़ जाएगी।