Indian Railways News => Topic started by railgenie on Oct 06, 2012 - 12:00:06 PM


Title - चंड़ीगढ़ मेट्रो में होंगे कुल 30 स्टेशन, रिपोर्ट तैयार
Posted by : railgenie on Oct 06, 2012 - 12:00:06 PM

चंडीगढ़। ट्राईसिटी (चंडीगढ़, मोहाली और पंचकूला) में चलने वाली मेट्रो की डीटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) मंजूरी के लिए पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल की स्वीकृति के लिए भेजी जाएगी। ये रिपोर्ट दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) ने तैयार की है। ये फैसला शुक्रवार को पंजाब भवन में हुई मीटिंग में हुआ।

मीटिंग की अध्यक्षता पंजाब के चीफ सेक्रेटरी राकेश सिंह ने की। इसमें पंजाब के अर्बन प्लानिंग, लोकल बॉडीज डिपार्टमेंट के अधिकारियों के अलावा चंडीगढ़ प्रशासन के अधिकारी भी मौजूद थे। सूत्रों के मुताबिक डीएमआरसी की तरफ से तैयार की गई डीपीआर में पंजाब की कुछ जरूरतों को ध्यान में रखते हुए मामूली फेरबदल किया गया है लेकिन ये बदलाव क्या क्या होंगे इसकी जानकारी नहीं मिल सकी है। मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल से डीपीआर को हरी झंडी मिलने के बाद यूटी प्रशासन इसकी फाइनल क्लियरेंस के लिए प्लानिंग कमिशन को भेजेगा।

अमृतसर में मोनो या मेट्रो: लुधियाना मेट्रो रेल का प्रोजेक्ट कैबिनेट में स्वीकृत होने के बाद अब अमृतसर में मेट्रो रेल चलाई जाए या मोनो रेल, इस पर भी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। विश्वस्त सूत्रों का कहना है कि अमृतसर में मोनो या मेट्रो रेल चलाने संबंधी प्रोजेक्ट बनाने के लिए डीएमआरसी को कहा गया है। शुक्रवार की बैठक में भी इस पर चर्चा हुई।

कुल बनेंगे 30 स्टेशन: चंडीगढ़, पंचकूला और मोहाली के बीच चलने वाली मेट्रो में कुल 30 स्टेशन बनने हैं। नॉर्थ साउथ कॉरिडोर में हर मेट्रो स्टेशन 1.210 किलोमीटर और ईस्ट वेस्ट कॉरिडोर में 1.206 किलोमीटर की दूरी पर होगा। पहले चरण में दो कॉरिडोर पर 37.69 किलोमीटर रूट में मेट्रो चलेगी। इस पर कुल 8,388 करोड़ रुपये खर्च आएगा। चंडीगढ़ में मेट्रो रेल के लिए केंद्र सरकार और यूटी प्रशासन 50-50 परसेंट हिस्सा खर्च करेंगे। डीएमआरसी ने रिपोर्ट में कहा है कि 15 परसेंट केंद्र और 15 परसेंट प्रशासन खर्च करेगा। शेष 56 परसेंट जापान से लोन और शेष 6 परसेंट शहर में प्रॉपर्टी बेचकर जुटाया जा सकता है।