Indian Railways News => Topic started by RailXpert on Dec 12, 2012 - 06:00:13 AM


Title - कोहरे से निबटने के लिए रेलवे ने शुरू किए इंतजाम
Posted by : RailXpert on Dec 12, 2012 - 06:00:13 AM

फरीदाबाद : जैसे-जैसे सर्दी बढ़ती जा रही है, वैसे-वैसे रेलवे प्रशासन को कोहरे का डर भी सताने लगा है। हर वर्ष की तरह इस बार भी रेल प्रशासन और रेल यात्रियों को फिर से कोहरे का प्रकोप ट्रेनों के विलंब संचालन और उनके रद होने की समस्या के रूप में झेलना पड़ेगा।आने वाले समय में कोहरे की समस्या को देखते हुए उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक वीके गुप्ता ने 7 दिसंबर को दिल्ली में बैठक के दौरान ट्रेन चालकों को ट्रेनों के सुरक्षित परिचालन के लिए निर्देश दिए थे। उन्होंने चालकों से कहा कि कोहरे में दृश्यता कम होने पर ट्रेनों की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक न बढ़ाएं। गति सीमा कम होने के कारण स्वाभाविक रूप से ट्रेनों के विलंब से चलने और कुछ गाड़ियों का आवागमन रद करना पड़ेगा।

पटाखों की धमक से भी चलेंगी ट्रेनें
ओल्ड फरीदाबाद रेलवे स्टेशन के अधीक्षक डीडी सिंगल के मुताबिक प्रशिक्षित कर्मचारियों से ही रेलवे ट्रैक पर पटाखे रखवाए जाएंगे। हर साल कोहरा पड़ने से पहले कर्मचारियों को प्रशिक्षित किया जाता है। पटाखों की खेप फरीदाबाद सेक्शन में भी पहुंच चुकी है।

सिग्नल सफाई अभियान भी शुरू
कोहरा पड़ने से पहले ही रेलवे प्रशासन की टीम सिग्नल सफाई अभियान में जुट गई है। कोहरा, बरसात, आधी व हवा के तेज झोंकों से सिग्नल स्पष्ट रूप से दिखाई नहीं देता है। सिग्नल साफ दिखाई दे, इसीलिए सफाई अभियान शुरू किया गया है।

आरपीएफ और गैंगमैन रहेंगे चुस्त

कोहरे के दौरान रेलवे ट्रैक की अच्छी प्रकार से निगरानी के लिए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और गैंगमैन को चुस्त रहने के निर्देश दिए गए हैं। आरपीएफ के जवान ट्रैक पर गश्त करेंगे। इसके अलावा गैंगमैन नियमित ट्रैक की निगरानी करेंगे।

तीन गाड़ियां रद

जनवरी माह में कोहरा जमकर पड़ता है। कोहरे में किसी भी प्रकार की दुर्घटना से निबटने के लिए रेलवे ने तीन गाड़ियां रद कर दी हैं, जिनमें तूफान एक्सप्रेस, आगरा इंटरसिटी और उज्जैनी एक्सप्रेस ट्रेन शामिल हैं। इन ट्रेनों का अधिक कोहरे वाले इलाकों से आवागमन होता है।