Indian Railways News => Topic started by railenquiry on Jan 11, 2013 - 03:00:49 AM


Title - कोहरे के चलते चार ट्रेनें रद
Posted by : railenquiry on Jan 11, 2013 - 03:00:49 AM

Firozepur
फिरोजपुर/अबोहर। पंजाब में घने कोहरे से रेलवे, किसानों, दुकानदारों को काफी नुकसान पहुंचा है। रेल डिवीजन फिरोजपुर को चार ट्रेनें रद करनी पड़ी है। दूसरी तरफ कोहरा गेहूं की फसल के लिए काफी लाभदायक है। लेकिन आलू, मटर व अन्य सब्जियों को इससे नुकसान होगा।
रेल डिवीजन फिरोजपुर को घनी धुंध के चलते फिरोजपुर-दिल्ली पैसेंजर, फिरोजपुर-जालंधर पैसेंजर, जयपुर एक्सप्रेस व 9772 ट्रेन को रद करना पड़ा। डिवीजन की लगभग दो दर्जन के करीब ट्रेनें अपने निर्धारित समय से पांच व छह घंटे देरी से चल रही है। कोहरे के कारण बाजारों में सन्नाटा छाया रहा। इसके चलते शोरूम खाली पड़े हैं। दुकानदार बाहर आग जलाकर ताप रहे हैं।
उधर, अबोहर संवाददाता के अनुसार पंजाब-राजस्थान के सीमावर्ती इलाके में इन दिनों पड़ रही कड़ाके की सर्दी ने पिछले सारे रिकार्ड तोड़ दिए हैं। पड़ोसी शहर श्रीगंगानगर में सोमवार रात का तापमान 0.9 डिग्री तक गिर गया था। वहीं अबोहर में सुबह का तापमान 4 डिग्री तक दर्ज किया गया। इसके साथ ही घनी धुंध के कारण जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया। सर्दी और धुंध के कारण सुबह 9 बजे तक सड़कों पर सन्नाटा रहा। धुंध के कारण जहां लंबी दूरी की रेलगाड़ियां प्रभावित हुई वहीं सड़कों पर यातायात भी ठहर सा गया। सर्दी अधिक होने के कारण गांवों के किसान इन दिनों मंडी में नहीं पहुंच पा रहे हैं। इस कारण कारोबार को मंदी का सामना करना पड़ रहा है।
इधर कृषि विभाग के एडीओ सुंदर लाल ने बताया कि धनी धुंध और कड़ाके की सर्दी गेहूं की फसल के लिए लाभदायक है जबकि सब्जियों में आलू और मटर की फसल के लिए नुकसानदेह हो सकता है। उन्होंने कहा कि गहरी धुंध ओस बनकर गेहूं के पौधों की जड़ों में जाता है जिससे जड़ों से निकलने वाले अंकुरों की संख्या बढ़ती है। उन्होंने कहा कि लगातार कड़ाके की सर्दी और धुंध गेहूं की बंपर फसल के संकेत हैं। इधर मौसम विभाग की ओर से फिलहाल मौसम में किसी प्रकार के सुधार की संभावना नहीं है।