Indian Railways News => Topic started by ConfirmTicket on Sep 29, 2012 - 03:00:08 AM


Title - कतार में लग ट्रेनों पर सवार हो रहे हैं यात्री
Posted by : ConfirmTicket on Sep 29, 2012 - 03:00:08 AM

ट्रेन पर चढ़ने-उतरने के दौरान अक्सर यात्रियों की जेब हल्की होने की सूचना मिल रही थी। पटना जंक्शन समेत तमाम स्टेशनों पर पाकेटमारी अथवा अटैची लिफ्टिंग की घटनाओं पर नकेल कसने के लिए रेल पुलिस अपर महानिदेशक पारस नाथ राय के निर्देश पर जंक्शन से खुलने वाली ट्रेनों के सभी यात्रियों को अब कतार में लगकर चढ़ाया जा रहा है। निर्देश का अनुपालन करने की जांच करने स्वयं एडीजी रेल पारस नाथ राय बुधवार को पटना जंक्शन पर पहुंच गए।

श्री राय ने ब्रह्मपुत्रा एक्सप्रेस में स्वयं खड़ा हो यात्रियों के बैठने की व्यवस्था को देखते रहे। इस बाबत श्री राय ने कहा कि ट्रेन में चढ़ने-उतरने के दौरान धक्का-मुक्की के साथ ही महिलाओं से चेन लूट अथवा यात्रियों के साथ पाकेटमारी की घटनाएं होती हैं। इन घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए ही ऐसा किया गया है। वहीं रेल एसपी सुरेश चौधरी ने बताया कि इस कार्य के लिए दस टीमें बनाई गई हैं। प्रतिदिन दस ट्रेनों को लक्ष्य बनाकर ऐसा किया जा रहा है। इससे ट्रेन से उतरने-चढ़ने वाले हर यात्रियों पर नजर रखी जा सकती है। संदिग्ध यात्रियों को तत्काल गिरफ्तार कर लेने का निर्देश है। हर ट्रेन पर नजर रखने को कहा गया है। प्रतिदिन डीएसपी रेल संजय कुमार के नेतृत्व में यह कार्य जारी है। इसके साथ ही प्लेटफार्म पर भी पैनी नजर रखने को कहा गया है। किसी भी सूरत में संदिग्ध को बचकर जाने नहीं दिया जाएगा। सारे पुलिसकर्मियों के पास अपराधियों की तस्वीर भी होती है जिससे उन्हें पकड़ने में आसानी होगी।