Indian Railways News => Topic started by RailXpert on Jan 22, 2013 - 12:00:03 PM


Title - एयरपोर्ट मेट्रो फिर पटरी पर
Posted by : RailXpert on Jan 22, 2013 - 12:00:03 PM

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा होते हुए द्वारका सेक्टर-21 तक जाने वाली राजधानी की पहली हाईस्पीड एयरपोर्ट मेट्रो मंगलवार से एक बार फिर दौड़ने लगेगी.
पहले की तरह मंगलवार से एयरपोर्ट मेट्रो का संचालन सुबह 5.30 से रात 11.30 बजे तक प्रत्येक 15 मिनट के अंतराल पर किया जाएगा. यात्रियों की सुविधा के लिए एयरपोर्ट मेट्रो प्रशासन ने जहां सस्ती वापसी टिकटों तथा विशेष होलीडे टिकटों की शुरुआत की है वहीं स्टेशनों पर क्लॉक रूम, ट्रॉली, पोर्टर सर्विस, रेडियो कैब तथा वाईफाई इंटरनेट सुविधा पहले दिन से मिलने लगेगी.
मंगलवार को पहले दिन 30 रुपए की रियायती टिकट पर किसी भी स्टेशन से किसी भी स्टेशन तक यात्रा की सुविधा मिलेगी.  राजधानी की एयरपोर्ट मेट्रो कॉरीडोर पर हाईस्पीड मेट्रो का संचालन जुलाई में कॉरीडोर में आई खामियों के बाद बंद कर दिया गया था. केन्द्रीय शहरी विकास मंत्रालय की मध्यस्थता के बाद डीएमआरसी ने कॉरीडोर की मरम्मत की तथा दो दिन पूर्व ही मेट्रो रेल सुरक्षा आयुक्त आरके  कर्दम ने इस लाइन पर मेट्रो का पुन: संचालन शुरू करने के लिए सुरक्षा अनापत्ति दे दी थी.
मेट्रो सुरक्षा आयुक्त से हरी झंडी मिलने के बाद एयरपोर्ट मेट्रो का संचालन करने वाली कंपनी रिलायंस इन्फ्रा व दिल्ली एयरपोर्ट प्रा. लि. ने मंगलवार से एयरपोर्ट मेट्रो का संचालन शुरू करने का ऐलान किया है. इससे पूर्व इस लाइन पर 23 फरवरी 2011 को मेट्रो का संचालन शुरू हुआ था. रिलायंस इन्फ्रा के प्रवक्ता के अनुसार उन्हें मेट्रो रेल सुरक्षा आयुक्त से 18 जनवरी को अनापत्ति संबंधी औपचारिक पत्र प्राप्त हुआ है.
उन्होंने बताया कि एयरपोर्ट के टर्मिनल एक से तीन जाने वाले यात्री भी एयरोसिटी स्टेशन से एयरपोर्ट मेट्रो पकड़ कर वहां जा सकते हैं. एयरपोर्ट मेट्रो ने एयरोसिटी स्टेशन पर आने वाले यात्रियों के लिए शटर सर्विस, रेडियो टैक्सी, ट्राली आदि सुविधाओं की व्यवस्था की है. इस तरह की सुविधाएं बाकी स्टेशनों पर पहले दिन से मिलेंगी. यह लाइन द्वारका सेक्टर-21 स्टेशन पर डीएमआरसी की दिल्ली मेट्रो लाइन से जुड़ रही है.
15 माह के संचालन के दौरान एयरपोर्ट मेट्रो ने 70000 ट्रिप लगाकर 68 लाख यात्रियों को यात्रा कराई थी. यात्रियों की सुविधा के लिए एयरपोर्ट मेट्रो प्रशासन ने छुट्टी के दिनों के लिए विशेष होलीडे टिकट जारी करने के साथ वापसी यात्रा के टिकट जारी करने की सुविधा शुरू की है. मंगलवार को मेट्रो का संचालन शुरू होने के बाद शाम तक मात्र 30 रुपए के रियायती दर पर कोई भी यात्री किसी भी स्टेशन तक एक बार यात्रा कर सकेगा.