Indian Railways News => Topic started by greatindian on Dec 17, 2012 - 00:00:59 AM


Title - आनंदनगर- बढ़नी रूट पर 18 से दौड़ेंगी तीन ट्रेनें
Posted by : greatindian on Dec 17, 2012 - 00:00:59 AM

जागरण संवाददाता, गोरखपुर : पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल स्थित नव आमान परिवर्तित आनंदनगर- बढ़नी रूट पर 18 दिसंबर से तीन जोड़ी सवारी गाडि़यां दौड़ने लगेंगी। आनंदनगर- बढ़नी के बीच दो और गोरखपुर- बढ़नी के बीच एक ट्रेन चलाई जाएगी। इसके लिए समय का भी निर्धारण कर दिया गया है। आखिरकार, अब गोरखपुर, महराजगंज, सिद्धार्थनगर और बस्ती के अलावा नेपाल के समीपवर्ती लोगों की परेशानियां समाप्त होने के कगार पर हैं। ठीक एक दिन बाद मंगलवार को बढ़नी में रेलमंत्री पीके बंसल द्वारा इस रूट का उद्घाटन करने के बाद ट्रेनों का संचलन शुरू हो जाएगा। विभागीय सूत्रों के अनुसार फिलहाल गोरखपुर से बढ़नी के बीच 55077/55078 एक जोड़ी ट्रेन ही चलाई जाएगी। आनंदनगर- बढ़नी के बीच 55079/55080 व 55081/55082 दो जोड़ी सवारी गाड़ी चलाने की योजना है। 55077 सवारी गाड़ी गोरखपुर से पूर्वाह्न 10. 10 बजे प्रस्थान कर आनंदनगर होते हुए अपराह्न 2. 25 बजे बढ़नी पहुंचेगी। वापसी यात्रा में 55078 सवारी गाड़ी बढ़नी से अपराह्न 2. 45 बजे चलकर आनंदनगर होते हुए शाम 6. 50 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। इसी प्रकार 55079 सवारी गाड़ी आनंदनगर से रात 8.20 बजे चलकर 10. 45 बजे बढ़नी पहुंचेगी। वापसी यात्रा में 55080 बढ़नी से सायं 4. 50 बजे चलकर रात 7. 15 बजे आनंदनगर पहुंचेगी। 55081 आनंदनगर से सुबह 8. 15 बजे चलकर पूर्वाह्न 10. 35 बजे बढ़नी पहुंचेगी। उल्लेखनीय है कि पिछले कई सालों से करीब 80 किमी इस रूट का आमान परिवर्तन कार्य चल रहा था। कार्य के अंतिम चरण में पहुंचते ही रेलवे प्रशासन ने पहली जनवरी 2012 से इस मार्ग को पूरी तरह से बंद कर दिया। ऐसे में इस क्षेत्र के लोगों की परेशानियां बढ़ गई थीं। अब बड़ी लाइन पर ट्रेनों संचलन से इस क्षेत्र के विकास का मार्ग प्रशस्त होगा।