Indian Railways News => Topic started by puneetmafia on Oct 03, 2012 - 18:00:33 PM


Title - आधे डिब्बों को रास्ते में छोड़ चलता बना राजधानी एक्सप्रेस का इंजन!
Posted by : puneetmafia on Oct 03, 2012 - 18:00:33 PM

अहमदाबाद से दिल्ली आ रही राजधानी एक्सप्रेस ट्रेन के डिब्बों का जॉइंट खुलने से ट्रेन के आधे डिब्बे पीछे छूट गए। इंजन सिर्फ छह डिब्बों को लेकर करीब एक किलोमीटर दूरी तय कर गया। बाद में ड्राइवर ने ट्रेन रोकी और फालना रेलवे स्टेशन से कर्मचारियों के दल ने पहुंच कर कपलिंग व हौजपाइप को जोड़ा। हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ है, लेकिन ट्रेन करीब आधे घंटे देरी से रवाना हुई। रेल प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार अहमदाबाद से दिल्ली जा रही राजधानी एक्सप्रेस ट्रेन मंगवार रात 10 बजकर 20 मिनट पर फालना रेलवे स्टेशन से रवाना हुई थी। फालना और खिमेल रेलवे स्टेशन के बीच ट्रेन के कोच संख्या डी-1 और एस-1 के बीच कपलिंग टूट गई। ट्रेन के छह डिब्बे इंजन के साथ करीब एक किलोमीटर दूरी तक चले गए, जबकि शेष डिब्बे पीछे छूट गए।

ड्राइवर ने ट्रेन रोककर फालना रेलवे स्टेशन पर घटना की सूचना दी। बाद में रेल कर्मचारियों ने ट्रेन के डिब्बों को जोड़ा। इस घटना को लेकर रेलवे के आधिकारिक सूत्रों का कहना है कि कपलिंग नहीं बल्कि कोच के बीच हौजपाइप टूटा था, इससे वेक्यूम बंद होने से ट्रेन रुक गई थी। हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ, जबकि पीछे छूटे डिब्बों में विद्युत सप्लाई बंद होने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बारे में डीआरएम मनोज सेठ ने देर रात अधिकारियों से जानकारी ली।