Indian Railways News => Topic started by AllIsWell on Jan 19, 2013 - 15:00:39 PM


Title - आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा रेलवे स्टेशन
Posted by : AllIsWell on Jan 19, 2013 - 15:00:39 PM

चंडीगढ़ : रेलवे स्टेशन पर जिस तरह से निर्माण कार्य चल रहा है, उससे जल्द ही इसके विश्व स्तरीय बनने संभावनाएं बलवती हो गई हैं। रेलवे स्टेशन को विकसित करने के लिए रेल मंत्री व रेलवे प्रशासन काफी सतर्क हैं। रेलवे अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि स्टेशन के सौंदर्यीकरण का काम जल्द पूरा करें। रेल मंत्री के लगातार दौरों से यहां काम में तेजी आई है। यहां भवन विस्तार का काम जोरों में चल रहा है। पार्सल बुकिंग काउंटर के बगल में भवन निर्माण का कार्य चल रहा है। मंत्री के अदेशानुसार स्टेशन को दो मंजिला बनाने की भी योजना है। इसके अतिरिक्त जल्द ही एक्सलेटर, फूड प्लाजा व पार्किग का विस्तार किया जाएगा। इसके साथ ही चंडीगढ़ प्रशासन और रेल मंत्रालय मिलकर शहर में तीन रेलवे अंडरब्रिज बनाएंगे। इनमें से मौलीजागरा में बनने वाले अंडरब्रिज का काम शुरू हो गया है, जबकि मनीमाजरा हाउसिंग कांप्लेक्स और आइटी पार्क के पास अंडरब्रिज काम जल्द शुरू होगा। वहीं रेलवे स्टेशन की ओर जाने वाली सड़क को चौड़ा किया जाएगा। सड़क के साथ साइकिल ट्रैक अलग से बनाए जाएंगे, जबकि पैदल चलने वालों के लिए भी पुटपाथ व्यवस्था की जाएगी। इसी कड़ी में दड़वा गांव का आधुनिकीकरण किया जाएगा। इसके अतिरिक्त रेलवे स्टेशन को एक नई सड़क से सीधे एयरपोर्ट से जोड़ा जाएगा। स्टेशन के सामने से गुजरने वाली सड़क को सीधे रेलवे के यार्ड के बीच निकालते हुए अंबाला हाईवे को जोड़ने वाली सड़क से कनेक्ट किया जाएगा। अंबाला हाईवे की बजाए नई सड़क को दड़वा गाव के किनारे से निकालते हुए रायपुर खुर्द के पास एयरपोर्ट लाइट प्वाइंट पर मिलाया जाएगा।

डीआरएम अंबाला पीके साघी के अनुसार स्टेशन से एयरपोर्ट को जोड़ने के लिए नई सड़क बनाए जाने का प्रस्ताव है।