Indian Railways News => Topic started by railgenie on Dec 25, 2012 - 21:00:48 PM


Title - आगरा फोर्ट ट्रेन में दौड़ा करंट, मची यात्रियों में भगदड़
Posted by : railgenie on Dec 25, 2012 - 21:00:48 PM

हिडौन सिटी स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर खड़ी आगरा फोर्ट पैसेंजर ट्रेन में रविवार रात11:30 बजे इंजन में शॉर्ट सर्किट से अचानक आग लग गई। जिससे इंजन के ऊपर लगे पेंट्रोग्राफ में स्पार्किग से हाइटेंशन लाइन का तार टूट गया। इससे यात्रियों में भगदड़ मच गई।

भगदड़ देख स्टेशन मास्टर गजानंद गुप्ता ने तत्काल कोटा स्थित सेक्शन पावर को मेमो देकर बिजली सप्लाई बंद कराई। इससे बड़ा हादसा टाला जा सका।

सूचना मिलने पर स्थानीय सीनियर सेक्शन इंजीनियर आरपी पाठक मौके पर पहुंच गए। आरपीएफ और जीआरपी के जवान भी वहां आ गए। इन्होंने अग्निशमन यंत्रों से इंजन में लगी आग पर काबू पाया। बाद में ट्रेन का इंजन बदलकर और टूटे तार को जोड़कर साढ़े तीन घंटे बाद ट्रेन को आगरा के लिए रवाना किया जा सका।

रेलवे सूत्रों के अनुसार कोटा से चलकर आगरा की ओर जाने वाली आगरा कोटा पैसेंजर ट्रेन रात साढ़े 11 बजे प्लेटफॉर्म नंबर एक पर आकर रुकी। ट्रेन से हिंडौन रेलवे स्टेशन के यात्री उतर रहे थे। तभी इलेक्ट्रिक तकनीकी खराबी और शॉर्ट सर्किट से इंजन में अचानक आग लग गई। इससे इंजन के ऊपर लगे पेंट्रोग्राफ में हुई स्पार्किग से हाइटेंशन लाइन का तार टूटकर ट्रेन पर गिर पड़ा और ट्रेन में करंट दौड़ गया। ट्रेन में करंट दौड़ते ही यात्रियों में भगदड़ मच गई।

प्लेटफॉर्म पर भी ट्रेन के इंतजार में बैठे लोग इंजन में लगी आग को देखकर इधर-उधर भागने लगे। यात्रियों में भगदड़ देखकर स्टेशन मास्टर गजानंद गुप्ता हरकत में आए और उन्होंने सतर्कता बरतते हुए कोटा स्थित सेक्शन पावर को मेमो देकर तत्काल बिजली सप्लाई को बंद कराया। सूचना मिलने पर स्थानीय सीनियर सेक्शन इंजीनियर आरपी पाठक मौके पर पहुंच गए। आरपीएफ और जीआरपी के जवान भी वहां आ गए। इन्होंने अग्निशमन यंत्रों से इंजन में लगी आग पर काबू पाया।

इंजन में आग लगने से पेंटोग्राफ में हुई स्पार्किग और उससे टूटे हाइटेंशन (800 एमपीयर वॉल्टेज) तार को सीनियर सेक्शन इंजीनियर आरपी पाठक ने एक घंटे तक मरम्मत कार्य कराकर जुड़वाया। इसके बाद ही रात करीब 1.10 बजे बिजली सप्लाई को सुचारू कराया गया। आग लगने से ट्रेन का इंजन खराब हो गया।

इस पर खाद की रेक लेकर हिंडौन आ रही मालगाड़ी ट्रेन को श्रीमहावीरजी रेलवे स्टेशन पर रोक कर इस ट्रेन के इंजन को हिंडौन लाया गया और आगरा फोर्ट पैसेंजर ट्रेन में खराब हुए इंजन के स्थान पर जोड़ा गया। इसके बाद साढ़े तीन घंटे से खड़ी पैसेंजर ट्रेन को रात तीन बजे आगरा के लिए रवाना किया जा सका। रेलवे सूत्रों ने बताया कि ट्रेन में करंट को तत्काल बिजली सप्लाई बंद कराकर नहीं रोका जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था।