Indian Railways News => Topic started by irmafia on Jan 24, 2013 - 21:01:16 PM


Title - अब एक फोन पर होगी सीधी कार्रवाई
Posted by : irmafia on Jan 24, 2013 - 21:01:16 PM

गोरखपुर : यात्रा के दौरान ट्रेनों में खानपान को लेकर आए दिन हो रही किच-किच अब जल्द ही समाप्त हो जाएगी। रेलवे मंत्रालय ने गुणवत्ता और ओवरचार्जिग की मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लिया है। अब, एक फोन पर संबंधित लोगों के खिलाफ सीधी कार्रवाई होगी। इसके लिए यात्री को टोल फ्री नंबर 1800111321 पर अपनी शिकायत दर्ज करानी होगी।

पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सिंह के अनुसार रेल मंत्री पीके बंसल ने इस नई योजना की शुरुआत की है। इसके तहत ट्रेनों में यात्री को अगर खानपान से संबंधित कोई अनियमितता मिलती है तो वह निर्धारित नंबर पर काल कर सकता है। इस पर फोन करने पर अतिरिक्त चार्ज भी नहीं लगेगा। शिकायत दर्ज होते ही तुरंत कार्रवाई होगी। ऐसे में रेल मंत्रालय सीधे अपने उपभोक्ताओं से जुड़ जाएगा। कार्रवाइयां तो होंगी ही जल्द ही अनियमितताओं पर अंकुश भी लगेगा। उल्लेखनीय है कि ट्रेनों में पेंट्रीकार वाले मनमाना करते हैं। एक तो भोजन और चाय आदि घटिया देते हैं। उपर से, हर सामग्री पर ओवरचार्ज वसूलते हैं। पूछने पर लड़ाई पर भी उतारु हो जाते हैं। शिकायत करने पर भी कोई समुचित सुवाई नहीं हो पाती। ऐसे में पेंट्रीकार वालों का ही नहीं अवैध वेंडरों की भी मनमानी बढ़ती ही जा रही है। हालांकि, खानपान मे मिल रही शिकायतों को लेकर पिछले कई माह से हर जोनल कार्यालयों के जरिए ट्रेनों की मानीटरिंग की जा रही है। पूर्वोत्तर रेलवे में भी अभियान चलाया जा रहा है। इसके अलावा रेलवे बोर्ड स्वयं इसकी समीक्षा कर रहा है।