Indian Railways News => Topic started by railenquiry on Nov 22, 2012 - 21:00:05 PM


Title - अंबाला अलर्ट, खंगालेंगे जम्मू की ट्रेनें
Posted by : railenquiry on Nov 22, 2012 - 21:00:05 PM

अंबाला। आतंकवादी अजमल आमिर कसाबको बुधवार सुबह 7.36 बजे फांसी देने की सूचना सार्वजनिक होने के बाद यहां अंबाला में अलर्ट घोषित कर दिया गया है। ये अलर्ट अभी कुछ दिनों तक जारी रहेगा। अंबाला में सेना, पुलिस और रेलवे तीनों की ओर से संयुक्त रूप से अलर्ट घोषित किया है। आने वाले कुछ दिनों तक अलर्ट जारी रहेगा और चप्पे-चप्पे पर नजर रहेगी। 26 नवंबर 2008 को मुंबई में आतंकवादी हमला करने वाले आतंकवादी अजमल आमिर कसाब को बुधवार सुबह फांसी दे दी गई। इस घटना को पूरी तरह से गोपनीय रखा, लेकिन अब सरकार को आशंका है कि कसाब को फांसी पर लटकाए जाने के बाद उसके समर्थक आतंकी संगठन किसी प्रकार की कोई हरकत न करें। जिसके चलते कुछ दिनों तक देश में अलर्ट रखने के निर्देश दिए हैं। इसी कड़ी के चलते एहतियात अंबाला कमिशनरी पुलिस, हरियाणा राजकीय रेलवे पुलिस, रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स अंबाला और अंबाला सेना अथारिटी ने अपने-अपने इलाके में भी अलर्ट घोषित करते हुए सभी संवदेनशील इलाकों में सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। अंबाला में सभी संवेदनशील और अति संवेदनशील इलाकों की सुरक्षा बढ़ाए जाने के निर्देश आला अफसरों द्वारा पुलिस को दे दिए गए हैं।

आर्मी एक्शन ग्रुप मुस्तैद

उधर, सेना ने भी सैन्य और एयरफोर्स इलाके में अलर्ट घोषित कर हर संदिग्ध को हिरासत में लेने के निर्देश दिए हैं। स्थानीय आर्मी अथारिटी ने आर्मी विजिलेंस, फील्ड सिक्योरिटी फोर्स और आर्मी एक्शन ग्रुप को मुस्तैद रहने के निर्देश हैं। आर्मी एक्शन ग्रुप की टुकड़ियां लगातार फील्ड में जिप्सी में राउंड कर नजर रखेगी। सेना प्रवक्ता के अनुसार सेना पूरी तरह से अलर्ट है।

ट्रेनों में होगी चेकिंग उधर, आरपीएफ ने आईजी आरपीएफ श्रीहरानंद के निर्देशों पर पूरे मंडल में अलर्ट घोषित कर दिया है। आरपीएफ ने रिफ्रेशर कोर्स पर भेजे तमाम जवानों को वापस बुला लिया है और उन्हें स्टेशनों पर प्लेटफार्मों पर तैनात रहने के आदेश दिया है। ये जवान जीआरपी पुलिस के साथ मिलकर स्टेशनों पर चेकिंग करेंगे, वहीं तमाम मुख्य ट्रेनों खासकर जम्मू से आने वाली तमाम ट्रेनों को खंगालेंगे। उधर, प्लेटफार्मों पर भी सघन चेकिंग अभियान चलेगा।

कसाब को फांसी की सूचना के बाद अंबाला कमिश्नरी में अफसरों को अलर्ट कर दिया है। अफसरों को निर्देश दिए हैं कि सभी संवेदनशील और अति संवेदनशील इलाकों की चौकसी बढ़ा दी जाए और चप्पे-चप्पे पर संदिग्ध लोगों और उनकी हरकतों पर नजर रखी जाए और गश्त भी बढ़ा दी जाए। पुलिस पूरी तरह से मुस्तैद है। केके शर्मा, पुलिस कमिश्नर, अंबाला

आईजी आरपीएफ के निर्देशों के बाद पूरे मंडल में अलर्ट घोषित कर दिया है। आरपीएफ जवानों को प्लेटफार्मों पर सघन चेकिंग अभियान चलाने और तमाम ट्रेनों खासकर जम्मू की सभी ट्रेनों को खंगालने के निर्देश हैं। आरपीएफ जवान पूरी तरह मुस्तैद रहेंगे और हर संदिग्ध चीज और लोगों पर पैनी नजर होगी। महेंद्र कुमार, कमांडेंट, आरपीएफ, अंबाला मंडल

जीआरपी की ओर से पूरे हरियाणा के सभी स्टेशनों पर चौकसी बरतने के निर्देश दिए हैं। पुलिस पहले ही गंभीर है और आने वाले कुछ दिनों में भी जबरदस्त अलर्ट रहेगा। ट्रेनों में और स्टेशनों पर चेकिंग करने के भी निर्देश दिए हैं। हरदीप सिंह दून, एसपी, जीआरपी, हरियाणा

अफसरों के निर्देशों पर सघन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया गया है। ट्रेनों की चेकिंग करवाई जा रही है। खासकर जम्मू आने और जाने वाली ट्रेनाें को पूरी तरह खंगाला जाएगा। सभी जवान मुस्तैदी से स्टेशन पर चौकसी बरते हैं। तीर्थराम, इंस्पेक्टर, जीआरपी, अंबाला थाना