Indian Railways News => Topic started by riteshexpert on Jan 21, 2013 - 16:00:10 PM


Title - Three boys killed at railway track - ट्रैक पर ट्रेन, फोटो और तीन किशोर, तीनों कट गए
Posted by : riteshexpert on Jan 21, 2013 - 16:00:10 PM

नई दिल्ली। जिंदगी में रोमांच कभी-कभी जान तक ले लेता है। गाजियाबाद में तीन किशोरों ने तेज रफ्तार राजधानी एक्सप्रेस के करीब जाकर फोटो खींचवाने की कोशिश की, लेकिन बुरी तरह ट्रेन की चपेट में आ गए। दो किशोरों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि एक घायल ने अस्पताल में आखिरी सांस ली। वहीं तीनों किशोरों की फोटो खींच रहा उनका चौथा साथी इस दर्दनाक हादसे में बाल-बाल बच गया।

घटनास्थल पर मौजूद लोगों के मुताबिक, शाम साढ़े चार बजे का वक्त था। चारों युवक रेलवे क्रासिंग के पास से गुजर रहे थे। अचानक वे रेलवे ट्रैक पर आ गए और ट्रेन का इंतजार करने लगे। जब करीब ट्रेन करीब आ गई तो तीन किशोर ट्रैक पर फोटो खींचवाने के लिए खड़े हो गए, जबकि चौथा ट्रैक से थोड़ी दूरी पर खड़ा होकर फोटो खींच रहा था। राजधानी एक्सप्रेस की तेज रफ्तार का अंदाजा किशोरों को नहीं लग सका और ट्रेन उनकी जिंदगी अपने साथ ले गई।

सभी किशोर शाहदरा की जनता कॉलोनी में रहते हैं। इनमें से दो किशोर ईश्वर और कमल शाहदरा के गांधी मेमोरियल पब्लिक स्कूल की कक्षा 11 में पढ़ते थे। साथ में दो दोस्त मोनू और रोहित भी थे। वहीं किशोरों की मौत से स्थानीय लोगों का गुस्सा भड़क गया। स्थानीय लोग  कई साल से उसी जगह पर अंडरपास बनाने की मांग कर रहे थे। गौरतलब है कि इसी जगह 2008 में भी पांच बच्चे एक ट्रेन की चपेट में आ गए थे। लोगों ने तभी एक अंडरपास बनाने की मांग की थी, लेकिन अभी तक उनकी मांग को अनसुना कर दिया गया औऱ रविवार को फिर तीन किशोरों की जान चली गई।