Indian Railways News => Topic started by Mafia on Jan 23, 2013 - 15:00:18 PM


Title - Another change in the railway system Tatkal booking on pink slip - रेलवे प्रणाली में एक और बदलाव...
Posted by : Mafia on Jan 23, 2013 - 15:00:18 PM

रायपुर। तत्काल टिकटों की बुकिंग में दलालों का दखल और लूट खत्म करने के लिए इसके आवेदन की प्रक्रिया मंगलवार से बदल दी गई है। इसके तहत तत्काल बुकिंग के लिए अब गुलाबी पर्ची भरनी होगी। साथ ही अब एक साथ छह की जगह सिर्फ चार यात्रियों को तत्काल टिकट जारी किए जाएंगे।

रेलवे के निर्देश के बाद रायपुर रेल मंडल ने अपने सभी स्टेशनों के आरक्षण केंद्रों पर नई व्यवस्था लागू कर दी है। गुलाबी रंग के आवेदन पर यात्रियों के लिए नए दिशा-निर्देश के साथ चेतावनी भी प्रकाशित की गई है। इससे पहले सामान्य आरक्षण टिकट के मांग पत्र पर ही तत्काल बुकिंग होती थी।

तत्काल टिकट रद्द कराने के लिए भी यात्रियों को गुलाबी पर्ची का इस्तेमाल करना होगा। रेलवे के मुताबिक दक्षिण-पूर्व-मध्य रेलवे के सभी मंडलों में तत्काल टिकट के लिए गुलाबी पर्ची को अनिवार्य रूप से लागू कर दिया गया है। सफेद रंग के सामान्य आरक्षण टिकट के आवेदन की तुलना में गुलाबी पर्ची का आकार दोगुना रखा गया है, ताकि यात्रियों द्वारा सारी सूचनाएं स्पष्ट अक्षरों में लिखी जा सकें।

नाम-पता व संपर्क नंबर की जांच

तत्काल टिकट कराने वाले यात्रियों के लिए गुलाबी पर्ची पर नौ दिशा-निर्देश प्रकाशित किए गए हैं। इसके अलावा एक बॉक्स में चार चेतावनी भी लिखी गई हैं। इसमें तत्काल टिकट लेने वाले आवेदक को सही नाम-पते के साथ मोबाइल और टेलीफोन नंबर लिखने के लिए निर्देशित किया गया है।

नए नियम के मुताबिक, अब तत्काल टिकट में लिखे गए मोबाइल और टेलीफोन नंबर की जांच होगी। रेलवे अधिकारी उस नंबर पर कॉल करके मांग पत्र पर अंकित नाम-पते की सत्यता की जांच करेंगे। गलत पाए जाने पर संबंधित टिकट तत्काल प्रभाव से ब्लॉक कर दिया जाएगा।

साथ ही ट्रेन में सफर के लिए सवार हो चुके यात्री को अगले स्टॉपेज पर उतार दिया जाएगा। इतना ही नहीं, ऐसा पाए जाने पर रेलवे एक्ट-1989 के प्रावधानों के तहत यात्री पर जुर्माना के साथ उसे जेल भी भेजा जा सकता है। रेलवे ने यह व्यवस्था तत्काल टिकट में होने वाली लूट को रोकने के लिए की है।

ग्रुप जर्नी में सभी यात्रियों के पास पहचान पत्र अनिवार्य

तत्काल टिकट लेने के लिए पर्ची में जिन लोगों का नाम लिखा जाएगा, अब यह बताना जरूरी होगा कि वे परिवार के सदस्य हैं या समूह में यात्रा करने वाले। समूह में यात्रा करने वाले सभी यात्रियों को ट्रेन में पहचान पत्र टीटीई को दिखाना अनिवार्य होगा। परिवार व संबंधियों के साथ यह नियम लागू नहीं होगा। कॉलम व बॉक्स में ही परिवार या समूह के साथ यात्रा की जानकारी देनी होगी।

फॉर्म में बताना होगा, आईडी में क्या दिखाएंगे

गुलाबी पर्ची में दिए गए प्रारूप में अब अधिकतम चार लोगों के नाम और अन्य विवरण लिखने की जगह है। सामान्य पर्ची में यह संख्या छह है। पर्ची में दिए गए फॉर्मेट में अब आवेदकों द्वारा दिए जाने वाले पहचान पत्र के बारे में भी जानकारी देनी होगी। इससे पहले पहचान पत्र के बारे में किसी तरह की जानकारी के लिए फॉर्मेट नहीं था।

लागू कर दी नई व्यवस्था

तत्काल टिकट के लिए नया आरक्षण व रद्द करण मांग-पत्र लागू कर दिया गया है। रेलवे बोर्ड व मंडल के निर्देश के बाद रायपुर स्टेशन के आरक्षण केंद्र पर मंगलवार से इसकी शुरुआत कर दी गई है। अब गुलाबी पर्ची पर ही तत्काल टिकट मिलेगा।