Indian Railways News => Topic started by eabhi200k on Nov 28, 2012 - 18:01:43 PM


Title - 1 दिसंबर से नॉन एसी डिब्बों में भी आईडी प्रूफ के साथ करें ट्रेन में सफर
Posted by : eabhi200k on Nov 28, 2012 - 18:01:43 PM

फरीदाबाद। ट्रेन में सफर करने वाले यात्रियों को 1 दिसंबर से अपनी पहचान के प्रति अलर्ट रहना होगा। रेलवे ने अब नॉन एसी डिब्बों में भी फोटो आईडी प्रूफ दिखाना अनिवार्य कर दिया है।रेलवे अधिकारिक सूत्रों के अनुसार अगर यात्री पर टिकट है और फोटो आईडी नहीं है, तो टिकट की जुर्माना राशि के तहत जुर्माना भी देना पड़ सकता है।


गौरतलब है कि दिल्ली-एनसीआर में टिकट दलालों का अधिक बोलबाला है। इसके चलते यात्रियों को कनफर्म टिकट लेने में खासी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ओल्ड फरीदाबाद आरक्षण केंद्र पर रोज 5 हजार लोग आरक्षण कराते हैं, जबकि ओल्ड फरीदाबाद स्टेशन से रोज 32 हजार लोगों का अवागमन होता है।


यहां पर हमेशा यात्रियों को टिकटों के आरक्षण कराने के वक्त वेटिंग का सामना करना पड़ता है। रेलवे उच्चाधिकारियों के अनुसार फरीदाबाद में ही रेलवे के 70 के करीब रजिस्टर्ड एजेंट हैं। जो ई-टिकट आरक्षण को लेकर बैठे हैं। 26 से 30 के करीब टिकट दलाली करने वाले सक्रिय हैं। आईआरसीटीसी के मुताबिक 2.5 लाख एजेंट पहले ही कनफर्म टिकट झटक लेते हैं। ऐसी समस्याओं से लोगों को निजात दिलाने को रेलवे ने एक साल के अंदर काफी बदलाव किए। इसके तहत ही पहले एसी डिब्बों में आईडी प्रूफ की प्रक्रिया को लागू कर डेमो किया गया था। जिससे एसी डिब्बों के यात्रियों को काफी राहत मिली थी। अब इसे नॉन एसी डिब्बों में भी लागू किया जा रहा है।

अब तक किए गए बदलाव
रेलवे ने तत्काल में आईडी प्रूफ, एसी में आईडी प्रूफ और ऑनलाइन टिकट रिजर्वेशन की सुविधा में भी आईडी मान्य की है।ऑनलाइन में एक व्यक्ति अपनी आईडी से महीने में 8 टिकट ही रिजर्व करा सकता है।


यह दिखाना होगा
सफर के दौरान
वोटर आईडी कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस,  पैन कार्ड, पासपोर्ट या फिर कोई फोटो आईडी जिससे आपकी पहचान संभव हो।

॥एक दिसंबर से नॉन एसी डिब्बों में सफर करने वाले लोगों को भी फोटो आईडी दिखाना जरूरी किया गया है। इससे रेलवे में बढ़ती कनफर्म टिकट न मिलने की परेशानी को काफी हद तक काबू किया जा सकेगा।
नीरज शर्मा, सीपीआरओ नॉर्दर्न रेलवे