| ट्रेनों में लूटपाट के 14 आरोपी गिरफ्तार by railgenie on 17 January, 2013 - 06:00 AM | ||
|---|---|---|
railgenie | ट्रेनों में लूटपाट के 14 आरोपी गिरफ्तार on 17 January, 2013 - 06:00 AM | |
अमृतसर। ब्यास रेलवे स्टेशन से दो दिन पहले पकड़े गए लुटेरे गैंग के बारे में जीआरपी के आईजी रोहित चौधरी ने मंगलवार को पत्रकारवार्ता में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गैंग के कुल 14 सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। पकड़े गए सभी लोग दिल्ली और हरियाणा के हैं। आईजी के मुताबिक लुटेरों के पास कुछ भी बरामद नहीं हुआ है। पहले चर्चा थी कि जीआरपी ने हवाला राशि के करोड़ों रुपये बरामद किए हैं।आईजी चौधरी ने कहा कि उन्हें सूचना मिली थी कि ट्रेनों में यात्रियों से रुपये, गहने आदि लूटने वाले गिरोह के पांच सदस्य ब्यास रेलवे स्टेशन पर घूम रहे है। इस पर डीएसपी जीएस नागरा और इंस्पेक्टर धमेन्द्र कल्याण की अगुवाई में ट्रेप लगाकर न्यू दिल्ली निवासी संजीव कुमार, रोहित कुमार मीनू और हरियाणा के हिसार निवासी गज्जन सिंह और सुनील कुमार को गिरफ्तार किया। इन लुटेरों से पूछताछ के आधार पर 9 और लोगों को अमृतसर रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया गया। जिनकी पहचान हिसार निवासी वरिंदर कुमार, बलजीत सिंह, राहुल, सतपाल, मुकेश और दिल्ली निवासी राकेश कुमार, विजय, मोहिंदर, जसबीर बताई जा रही है। सभी लुटेरों ने राष्ट्रीय स्तर पर एक गैंग बनाई हुई है, जिसमें 150 के करीब लोग शामिल है। इन पर राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली में पहले भी केस दर्ज हैं। आईजी ने कहा कि सभी लुटेरे गाड़ी के अंदर चार-पांच का ग्रुप बनाकर घुस जाते और यात्रियों के साथ दोस्ती कर किसी तरह से उनका सामान लूट लेते हैं। फिलहाल जीआरपी इनके पास से कुछ भी बरामद न होने का दावा कर रही है।जीआरपी थाने के प्रभारी धर्मेंद्र कल्याण ने कहा कि अभी तक की पूछताछ में पता चला हैं कि सभी लुटेरे अक्सर जलियांवाला बाग के पास होटलों में आकर रहते थे। इन सभी के बारे में और अधिक जानकारी प्राप्त करने के लिए पड़ोसी राज्यों के साथ संपर्क साधा जा रहा है। | ||