Indian Railways News => Topic started by RailXpert on Jan 31, 2013 - 03:00:04 AM


Title - मथुरा स्टेशन का बनेगा मास्टर प्लान
Posted by : RailXpert on Jan 31, 2013 - 03:00:04 AM

इलाहाबाद/मथुरा। उत्तर मध्य रेलवे के ए-1 श्रेणी में शामिल आगरा, मथुरा, झांसी, ग्वालियर और कानपुर स्टेशनों के मास्टर प्लान तैयार किए जाएंगे। भविष्य में इन स्टेशनों पर होने वाले विकास कार्य इसी के मुताबिक किए जाएंगे। इसके अलावा बड़े स्टेशनों के साथ ही छोटे स्टेशनों के ड्राइंग को ‘डिजीटाइस’ किया जाएगा।
एनसीआर मुख्यालय में दो दिनी कार्य समीक्षा बैठक मंगलवार को शुरू हुई। इसमें जोन में कार्य करने वाली रेलवे की सभी एजेंसियों के मुखिया बुलाए गए। अध्यक्षता कर रहे महाप्रबंधक आलोक जौहरी ने जोन के ए-1 श्रेणी के सभी स्टेशनों के मास्टर प्लान बनाने, ड्रेनेज प्रणाली को सुधारने, रेल परिचालन से जुड़ी अड़चनों को दूर करने के निर्देश दिए। आदर्श स्टेशनों से जुड़े कार्यों को तेजी से पूरा करने, इंजीनियरिंग साइट प्लान की हैंडड्राइंग को डिजीटाइस करने को कहा है।
इससे स्टेशनों के नए प्लान, मौजूदा प्लान में संशोधन में समय कम लगेगा और कार्य पूरा करने में आसानी रहेगी। बैठक में टूंडला फ्लाईओवर, अलीगढ़ स्टेशन यार्ड की रिमाडलिंग, नई लाइनों, दोहरीकरण, आमान परिवर्तन परियोजनाओं की गति बढ़ाने को कहा है। बैठक में सभी विभागों के अफसर, इलाहाबाद, झांसी और आगरा के डीआरएम मौजूद रहे।