Indian Railways News => Topic started by eabhi200k on Jun 13, 2013 - 15:02:02 PM


Title - वाराणसी-सुल्तानपुर-लखनऊ रेलखंड का दोहरीकरण
Posted by : eabhi200k on Jun 13, 2013 - 15:02:02 PM

-कैंट स्टेशन के यात्री हाल में लगेगी स्वचालित सीढ़ी

-अबकी नहीं होने देंगे जलजमाव, पानी निकासी को लगेंगे पंप

-बनारस-दिल्ली स्पेशल ट्रेन के फेरे बढ़ाने पर होगा मंथन

-सफाई व्यवस्था चुस्त करने के लिए 30 जून तक नया ठेका

-स्टेशन परिसर में खुलेगा मेडिकल स्टोर, निविदा शीघ्र होगी आमंत्रित

जागरण संवाददाता, वाराणसी : वाराणसी-सुल्तानपुर-लखनऊ और वाराणसी-भदोही-ऊंचाहार रेल खंडों का दोहरीकरण सन् 2015 तक पूरा कर लिया जाएगा। अभी 148 किमी दोहरीकरण शेष है। इसमें 60 किमी मार्च 14 तक पूरा करने का लक्ष्य है। मार्च 2015 तक काम पूरा कर लिया जाएगा।

यह जानकारी लखनऊ मंडल के डीआरएम जगदीप राय ने बुधवार को औपचारिक बातचीत में दी। कैंट रेलवे स्टेशन का निरीक्षण करने के बाद डीआरएम ने कहा कि फिलहाल सुल्तानपुर रेल खंड पर इलेक्ट्रिक इंजन से ट्रेनें चलाई जाने लगी हैं। इस रेलखंड के दोहरीकरण से यातायात और सुगम होगा। बारिश में जल-जमाव के बाबत श्री राय ने कहा कि पहली बरसात को मानक मानकर तैयारी शुरू कर दी गई है। कैंट स्टेशन का ड्रेनेज सिस्टम ठीक कराया जा रहा है। जुलाई-अगस्त में बारिश का पानी निकालने के लिए स्टेशन परिसर में दो पंप लगाए जाएंगे। उम्मीद है कि अबकी बारिश में ट्रेनों का परिचालन बाधित नहीं होगा।

स्वचालित सीढ़ी : प्लेटफार्म नंबर एक पर भीड़ कम करने के लिए यात्री हॉल में स्वचालित सीढ़ी लगाई जाएगी। यह सीढ़ी फुट ओवरब्रिज से जोड़ दी जाएगी जिससे यात्री प्लेटफार्म नंबर दो, तीन, चार, पांच, छह, सात, आठ व नौ पर आ-जा सकें। यह कार्य शीघ्र ही शुरू कराया जाएगा।

दिल्ली स्पेशल के फेरे पर मंथन

डीआरएम का कहना था कि वाराणसी- दिल्ली स्पेशल ट्रेन के फेरे बढ़ाने पर आला अधिकारियों के साथ मंथन किया जाएगा। यह ट्रेन सप्ताह में तीन दिन चलती है। सामान्य तौरपर शिवगंगा एक्सप्रेस के विकल्प में दिल्ली स्पेशल को देखा जा रहा है।

सफाई के लिए 30 जून तक व्यवस्था

डीआरएम ने कैंट स्टेशन की सफाई व्यवस्था फिट करने के लिए 30 जून तक नया टेंडर कर लेने की बात भी कही। बताया कि स्टेशन के सभी प्लेटफार्मो, कार्यालयों आदि की सफाई की बराबर मानीटरिंग की जा रही है। उम्मीद है कि जुलाई से सफाई व्यवस्था ठीक होगी।

स्टेशन परिसर में मेडिकल स्टोर

लखनऊ स्टेशन की तर्ज पर बनारस में भी रेलवे परिसर में मेडिकल स्टोर खोलने की योजना को हरी झंडी मिल चुकी है। इसके लिए भी शीघ्र ही निविदा की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।

डीआरएम ने किया निरीक्षण

मंडल रेल प्रबंधक ने कैंट स्टेशन का निरीक्षण किया। उनका विशेष ध्यान जल जमाव व सफाई पर केंद्रित रहा। निरीक्षण के दौरान मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक आमोद गुप्ता, स्टेशन प्रबंधक एके पांडेय, उप चिकित्सा अधीक्षक डा. महेंद्र चौधरी, सहायक मंडल अभियंता रमेश सोलंकी, मुख्य खानपान निरीक्षक एसके पांडेय, आरपीएफ प्रभारी निरीक्षक कमलेश्वर सिंह समेत आला अधिकारी मौजूद थे।

--------------

पॉथ-वे का भी काम शीघ्र

डीआरएम ने 'दैनिक जागरण' को बताया कि वाराणसी स्टेशन के दोनों ओर पाथ-वे के निर्माण की स्वीकृति हो चुकी है। इस पर भी शीघ्र काम शुरू होगा। स्थानीय अधिकारी व इंजीनियर ने अब तक पाथ-वे के बाबत क्या योजना बनाई है, इसपर भी अधिकारियों से बात की जाएगी। उल्लेखनीय है कि चलो आज कल बनाते हैं अभियान के तहत दैनिक जागरण ने कैंट स्टेशन पर रैंप बनाने की पहल की थी। इस पर डीआरएम ने प्लेटफार्मो पर स्थान उपलब्ध न रहने की दशा में दोनों छोर पर पाथ-वे बनाने की स्वीकृति दी थी। इसके लिए दस लाख रुपये भी अवमुक्त हो चुके हैं।