Indian Railways News => Topic started by railenquiry on Nov 21, 2012 - 18:00:15 PM


Title - जागरूकता की 'पटरी' पर रेड रिबन
Posted by : railenquiry on Nov 21, 2012 - 18:00:15 PM

कानपुर : एचआईवी, एड्स और स्वास्थ्य से जुड़े हर सवाल का जवाब लेकर रेड रिबन एक्सप्रेस सोमवार को सेंट्रल स्टेशन पहुंची। जिसमें जानकारी लेने के लिए हजारों लोग उमड़ पड़े। इसमें लगी प्रदर्शनी ने उन्हें जागरूक किया।सोमवार को रेड रिबन एक्सप्रेस प्लेटफार्म एक की ओर जीआरपी थाने के बगल में आम जनता को एड्स से बचाव के प्रति जागरूक करने के लिए मौजूद रही। जिलाधिकारी एमपी अग्रवाल ने इसमें लगी प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। इसे देखने के लिए सर्वाधिक भीड़ स्कूली छात्र-छात्राओं की रही। वे एचआईवी और एड्स के बारे में जानना चाहते थे। प्रदर्शनी से काफी हद तक उनके सवालों का जवाब मिल गया। स्क्रीन, सुरक्षा कवच व अन्य माध्यम से लोगों को जानकारी दी गई।

सबसे बड़ा खतरा : रेड रिबन एक्सप्रेस में लोगों को सावधान किया गया कि एड्स बीमारी मानवजाति के लिए सबसे बड़ा खतरा है। इससे बचने का सिर्फ यही एक रास्ता है कि एचआईवी (एड्स फैलाने वाले रोगाणु) के बारे में पूर्ण व सही जानकारी हासिल करें।

एड्स के प्रारंभिक लक्षण

वजन रहस्यमय ढंग से घटना, एक माह से ज्यादा समय तक दस्त आना, लंबे समय तक बुखार होना, लसिका ग्रंथियों का एक से अधिक स्थान पर आकार में बढ़ जाना।

ऐसे करें बचाव

जीवनसाथी से वफादारी, सुरक्षित यौन संबंध, कंडोम का इस्तेमाल, रोगाणुमुक्त सुइयों व सिरिंज का ही प्रयोग करें, रक्त लेने के पूर्व सुनिश्चित कर लें कि एचआईवी मुक्त की मुहर लगी हो, यौन रोग का शीघ्रता से इलाज कराएं।

आज भी रहेगी

रेड रिबन एक्सप्रेस आज भी प्रात: 10 से रात 8 बजे तक सेंट्रल पर उपलब्ध रहेगी।

स्कूल से पूर्व या बाद में देखें

बीएसए राजकुमार ने प्राथमिक व जूनियर शिक्षकों को निर्देश दिए हैं कि वे सेंट्रल स्टेशन पर एड्स जागरूकता के लिए पहुंची रेड रिबन रेल प्रदर्शनी का अवश्य अवलोकन करें। वे स्कूल से पूर्व अथवा छुंट्टी के बाद जाएं।