Indian Railways News => Topic started by AllIsWell on Jun 13, 2013 - 20:00:59 PM


Title - book railway retiring room online - अब रेलवे रिटायरिंग रूम बुक करें ऑनलाइन
Posted by : AllIsWell on Jun 13, 2013 - 20:00:59 PM

रेल मंत्रालय ने दूर दराज की यात्रा करने वालों को स्टेशन पर रिटायरिंग रूम बुक कराने में होने वाली दिक्कतों को देखते हुए अब ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा शुरू करने का फैसला लिया है।

रेलवे ने इनकी ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा आईआरसीटीसी को दिए जाने का फैसला लिया है। केवल उन्ही यात्रियों को रिटायरिंग रूम मिल सकेगा जिनके पास कंफर्म या आरएसी ऑनलाइन टिकट होगा।

टिकट निरस्त कराने पर रिटायरिंग रूम का आरक्षण भी स्वत: रद हो जाएगा।

रेल मंत्रालय के जारी आदेश के अनुसार एक टिकट पर अधिकतम तीन रिटायरिंग रूम बुक कराए जा सकेंगे। सामान्य टिकट अथवा काउंटर से खरीदे टिकट पर रिटायरिंग रूम की अग्रिम बुकिंग नहीं होगी।

किसी भी स्थान पर सभी रूम बुक होने पर अन्य इच्छुक यात्रियों को रूम बुकिंग के लिए वेटिंग नंबर भी दिया जाएगा। किसी यात्री की बुकिंग निरस्त होने पर वेटिंग यात्री को स्वत: रूम उपलब्ध हो जाएगा।

टिकट निरस्त कराने पर रिटायरिंग रूम का आरक्षण भी स्वत: रद हो जाएगा लेकिन 48 घंटे पहले टिकट रद कराने पर रूम चार्ज का दस प्रतिशत रिफंड राशि से काट लिया जाएगा।

यही नहीं 48 घंटे से कम समय में रूम निरस्त होने पर 50 फीसदी तथा रूम में पहुंचने के दिन निरस्त कराने पर शत-प्रतिशत रूम चार्ज रिफंड राशि में समायोजित कर लिया जाएगा।

रेल मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि यदि ट्रेन के देरी से चलने के कारण कोई यात्री रिटायरिंग रूम का आरक्षण निरस्त कराता है अथवा रेलवे की गलती के कारण उसे रूम नहीं मिल पाता है तो आरक्षण निरस्त कराने पर कोई कटौती नहीं की जाएगी।

सामान्यत: किसी यात्री को 12 से 24 घंटे के लिए ही रिटायरिंग रूम आवंटित होगा। लेकिन विशेष परिस्थितियों में 48 घंटे के लिए भी रूम बुक किया जा सकता है।

नई व्यवस्था शुरू करने के लिए विस्तृत आदेश सभी जोनल कार्यालयों को भेज दिए गए हैं।