Indian Railways News => Topic started by nikhilndls on Jun 26, 2013 - 15:30:38 PM


Title - - फाफामऊ में दो दो घंटे फंसे गंगा-गोमती के यात्री - Amar Ujala
Posted by : nikhilndls on Jun 26, 2013 - 15:30:38 PM

इलाहाबाद। संगम नगरी के मुसाफिरों के लिए मंगलवार का दिन काफी खराब गुजरा। रोडवेज में हड़ताल होने के कारण ट्रेनों पर दौड़े यात्री भी बुरी तरह से परेशान हुए। सुबह गंगा-गोमती एक्सप्रेस इंजन फेल होने के कारण दो घंटे तक फाफामऊ स्टेशन पर खड़ी रही। इसके कारण फैजाबाद पैसेंजर प्रयाग स्टेशन से चार घंटे देरी से छूट सकी। इलाहाबाद जंक्शन से छूटने वाली इटारसी पैसेंजर और लिंक एक्सप्रेस भी देर से छूटीं। दूसरी ओर हावड़ा-दिल्ली जनता एक्सप्रेस रद होने के कारण यात्रियों को नहीं मिल सकी। गंगा-गोमती एक्सप्रेस सुबह 6.35 बजे फाफामऊ स्टेशन पर पहुंची तो ट्रेन के चालक ने गाड़ी रोक दी और इंजन खराब होने की शिकायत दर्ज कराई। जांच के बाद इंजन का फ्लेट टायर खराब मिला। इस दौरान यात्री प्लेटफार्म पर ही टहलते रहे। विलंब होने पर यात्रियों ने हंगामा शुरू कर दिया। बवाल बढ़ने की आशंका पर प्रयाग स्टेशन पर खड़ी फैजाबाद पैसेंजर का इंजन निकालकर फाफामऊ भेजा गया। काफी मशक्कत के बाद ट्रेन दो घंटे बाद 8.15 बजे फाफामऊ से लखनऊ के लिए रवाना हो सकी। देर होने से यह गाड़ी लखनऊ जंक्शन पर दोपहर 12 बजे के बाद पहुंची। इससे कई लोगों के कार्य भी फंस गए। इससे सुबह आठ बजे छूटने वाली फैजाबाद पैसेंजर प्रयाग स्टेशन पर फंस गई। इसके लिए प्रतापगढ़ से इंजन मंगाया गया। यह ट्रेन 11.05 बजे प्रयाग से रवाना हो सकी। सिटी बसों के न चलने से दैनिक यात्रियों को भी इससे काफी परेशानी हुई। दूसरी ओर हावड़ा-दिल्ली जनता एक्सप्रेस मंगलवार को हावड़ा से रद रही। 27 को दिल्ली से जनता एक्सप्रेस रद होने से 28 जून को यह गाड़ी इलाहाबाद जंक्शन पर नहीं आएगी। साथ ही जंक्शन से छूटने वाली इटारसी पैसेंजर और लिंक एक्सप्रेस भी देर से छूटीं। इनके कारण भी दैनिक यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ी।