Indian Railways News => Topic started by irmafia on Jul 26, 2013 - 16:00:17 PM


Title - - परचून की दुकान से भी बुक होंगे रेलवे टिकट - Amar Ujala
Posted by : irmafia on Jul 26, 2013 - 16:00:17 PM

वाराणसी। अब रेलवे का टिकट मिलना उतना ही आसान हो जाएगा जितना की मोबाइल रिचार्ज कराना। आपके घर के बगल की परचून की दुकान से ही रेल टिकट देने की योजना है। यात्री अपने पास की दुकान पर जाएगा, पैसा चुकाएगा और उसका टिकट बुक हो जाएगा। इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कार्पोरेशन (आईआरसीटीसी) ने एम टिकटिंग के दायरे को बढ़ाते हुए यात्रियों की सुविधा के लिए नई कार्ययोजना तैयार की है। इसके तहत परचून के दुकानदारों को प्रीपेड डिपाजिट स्कीम से जोड़ा जाएगा।

इस नई योजना के प्रभावी होने के बाद रेलवे के आरक्षित और अनारक्षित टिकट के लिए रेलयात्रियों को अब काउंटरों पर लगने वाली लंबी लाइन से भी निजात मिल जाएगी। रेलवे ने यह योजना मध्यम और निम्न आय वर्ग के यात्रियों को ध्यान में रखकर तैयार की है। आईआरसीटीसी के मैनेजिंग डायरेक्टर राकेश टंडन के अनुसार देश की बड़ी आबादी आर्थिक रूप से कमजोर है। ये लोग भुगतान के लिए मोबाइल का इस्तेमाल नहीं करते हैं। ये अपने सारे भुगतान कैश में करते हैं। रेल यात्रा को प्राथमिकता देने वालों में ऐसे वर्ग के यात्रियों की संख्या सबसे ज्यादा है। इसे ध्यान में रखते हुए ही इनकी सहूलियत के लिए नई कार्ययोजना तैयार की गई है। जिसके तहत आईआरसीटीसी परचून के दुकानदारों को अपना प्रतिनिधि बनाएगी। दुकानदार यात्रियों से पैसे लेकर टिकट बुक कर सकें गे। मोबाइल धारक दुकानदार को ही रिटेलर बनाया जाएगा, ताकि वह टिकट बुकिंग के लिए आईआरसीटीसी को मोबाइल से भुगतान कर सके। इस योजना के प्रभावी होने के बाद यात्रियों को रेल टिकट के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। अपने आसपास के लिए संबंधित रिटेलर के पास जाकर वे अपना टिकट बुक करा सकेंगे। रिटेलर उनसे निर्धारित टिकट मूल्य लेकर टिकट बुक करेगा और उसका मैसेज यात्री के मोबाइल पर पहुंच जाएगा। इन दुकानदारों को आईआरसीटीसी की प्रीपेड डिपाजिट स्कीम के तहत जोड़ा जाएगा। इसके लिए टेलीकाम कंपनियों से भी बातचीत चल रही है।

प्वाइंटर

31 करोड़ ट्रेन टिकट बुक होते हैं सालाना भारत की 15 फीसदी आबादी इंटरनेट का इस्तेमाल करती है 70 फीसदी आबादी मोबाइल का करती है इस्तेमाल एम टिकट पर रोजाना बुक हो रहे हैं 150 टिकट