Indian Railways News => Topic started by railgenie on Aug 01, 2013 - 21:00:46 PM


Title - - दो ट्रेनों के इंजन फेल, तीन के प्लेटफार्म बदले - Amar Ujala
Posted by : railgenie on Aug 01, 2013 - 21:00:46 PM

इलाहाबाद (ब्यूरो)। इलाहाबाद जंक्शन से गुजरने वाली आधा दर्जन ट्रेनों के यात्री बुधवार को हलाकान हुए। ब्रह्मपुत्र मेल और मालगाड़ी के इंजन फेल होने के कारण घंटों यात्रियों को प्लेटफार्म पर ही गुजारना पड़ा। बाद में तीन ट्रेनों के प्लेटफार्म बदले जाने से यात्रियों को सामान समेत इधर-उधर भागना पड़ा। चर्चा रही कि शाम को एक नंबर प्लेटफार्म पर बड़े रेल अफसर का सैलून खड़ा होने से दिल्ली जाने वाली दो ट्रेनों के प्लेटफार्म बदलने पड़े। बताते हैं कि सुबह करीब नौ बजे इलाहाबाद जंक्शन से नैनी के बीच एक मालगाड़ी का इंजन फेल हो गया। इसके कारण जंक्शन से नैनी की ओर जाने वाली ट्रेनें फंस गईं। दिल्ली से रीवा जाने वाली रीवांचल, हावड़ा से आई क्षिप्रा एक्सप्रेस और मुंबई जनता एक्सप्रेस दो-तीन घंटे तक विभिन्न प्लेटफार्मों पर खड़ी कर दी गईं। प्लेटफार्म खाली न होने के कारण मुंबई से गोरखपुर की ओर जाने वाली गोदान एक्सप्रेस को आठ नंबर के बजाए 10 नंबर प्लेटफार्म पर भेज दिया गया। ट्रेन आने के पांच मिनट पहले घोषणा की गई कि गोदान एक्सप्रेस 10 नंबर प्लेटफार्म पर आएगी। इसके कारण यात्रियों में भगदड़ जैसी स्थिति हो गई। दिल्ली से डिब्रूगढ़ जाने वाली गाड़ी 14056 ब्रह्मपुत्र मेल सुबह 11 बजे आई। निर्धारित ठहराव के बाद आगे बढ़ी तो यार्ड में ही गाड़ी का इंजन खराब हो गया। इससे ट्रेन के तीन डिब्बे प्लेटफार्म पर रह गए और बाकी यार्ड में पहुंच गए। मशक्कत के बाद गाड़ी को वापस प्लेटफार्म पर लाया गया। इंजन की मरम्मत कर ट्रेन को दो घंटे बाद रवाना किया जा सका। उधर, देर शाम को एक नंबर प्लेटफार्म के दिल्ली क्षोर पर बड़े साहब के लिए सैलून खड़ा कर दिया गया। इसके कारण दिल्ली जाने वाली ब्रह्मपुत्र मेल और महाबोधि एक्सप्रेस को एक नंबर प्लेटफार्म से हटाकर तीन नंबर प्लेटफार्म पर भेज दिया गया। इससे यात्रियों को सामान लेकर दौड़ लगानी पड़ी।