Indian Railways News => Topic started by riteshexpert on Jan 28, 2013 - 18:00:05 PM


Title - - ट्रेनें तो चला दीं, टिकट विंडो नहीं बनाई - Amar Ujala
Posted by : riteshexpert on Jan 28, 2013 - 18:00:05 PM

बरेली। बरेली सिटी स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर तीन से लालकुंआ के लिए ट्रेनें तो चला दी गईं, लेकिन रेलवे अफसरों ने यह नहीं सोचा कि यात्री टिकट कहां से खरीदेंगे। टिकट विंडो प्लेटफार्म नंबर एक पर है, जो प्लेटफार्म नंबर तीन से करीब आधा किलोमीटर दूर है।

प्लेटफार्म नंबर तीन से सात जनवरी को लालकुआं के लिए तीन जोड़ी ट्रेनों की शुरुआत की गई थी। मगर आपको ये ट्रेनें पकड़ने के लिए टिकट प्लेटफार्म नंबर एक से ही लेना होगा। दोनों प्लेटफार्मों के बीच दूरी इतनी ज्यादा है कि टिकट लेने में देरी हुई तो ट्रेन का छूट जाना तय है। बुजुर्ग और महिला यात्रियों को यह दिक्कत कुछ ज्यादा ही परेशान कर रही है। सिर्फ यही नहीं, प्लेटफार्म नंबर तीन पर कोई शौचालय न होना भी यात्रियों के लिए समस्या बना हुआ है।

चीखकर बोलो, तब मिलता है टिकट -बरेली सिटी स्टेशन के टिकट घर में भी समस्याएं कम नहीं हैं। आरक्षण काउंटर के बाहर खड़े यात्रियों की आवाज बमुश्किल ही अंदर पहुंच पाती है। बुकिंग कर्मचारियों तक अपनी बात पहुंचाने के लिए लोगों को चीखकर बोलना पड़ता है। रेलवे अफसरों को भी इसका एहसास है, लेकिन आज तक इसके लिए कोई इंतजाम नहीं किए गए।

मंडराते रहते हैं मनचले - बरेली सिटी स्टेशन के प्लेटफार्म मनचलों को अड्डा बने हुए हैं। स्कूली छात्राओं से छेड़छाड़ की वारदातें तो आम हैं। इससे जीआरपी और आरपीएफ के स्टाफ की भी समस्या बढ़ गई है। एसओ जीआरपी दुर्गा सिंह ने बताया कि स्टेशन पर हर वक्त निगरानी रखनी पड़ती है। तीन दिन पहले दो मनचलों पर कार्रवाई भी की गई थी।

बरेली-लालकुआं रेलमार्ग ट्रेनों में सामान लोड करने का इंतजाम नहीं बरेली। करोड़ों की लागत से पूर्वोत्तर रेलवे ने बरेली से लालकुआं के बीच ब्रॉडगेज बनवाकर किसी तरह ट्रेनें तो चला दीं, लेकिन पार्सल का कोई इंतजाम नहीं किया है। इसकी वजह से व्यापारी अभी भी परेशान हैं।

बरेली और उत्तराखंड के बीच काफी कारोबार होता है। यहां से परचून आदि का काफी सामान उत्तराखंड जाता है। लेकिन बरेली-लालकुआं ब्राडगेज रूट चालू करने से पहले रेलवे ने व्यापारियों के बारे में नहीं सोचा। प्लेटफार्म नंबर तीन तक पार्सल पहुंचाने का कोई इंतजाम नहीं किया गया। इसकी वजह से पार्सल भेजने का काम बंद है। इससे रेलवे को भी नुकसान हो रहा है।

मढ़ीनाथ ओवरब्रिज का निर्माण फिर शुरू बरेली। दो महीने से बंद पड़ा मढ़ीनाथ ओवरब्रिज का निर्माण फिर शुरू हो गया है। बदायूं-कासगंज ब्रॉडगेज रूट बंद होने के बाद इसके और तेजी पकड़ने की उम्मीद है।

पुरानी पुलिस लाइंस के सामने से मढ़ीनाथ के लिए ओवरब्रिज बनाया जा रहा है। करीब चार करोड़ की लागत से बनने वाले इस ओवरब्रिज का निर्माण तो बरेली-लालकुआं रेलवे लाइन के ब्रॉडगेज के काम के साथ ही शुरू हो गया था। लेकिन दो महीने पहले रेलवे अफसरों ने पूरा ध्यान बरेली-लालकुआं रूट पर लगा दिया और निर्माण रोक दिया गया। लेकिन अब बरेली-लालकुआं रूट चालू होने के बाद जैसे ही अफसरों को राहत मिली, यह काम फिर शुरू हो गया। सीनियर सेक्शन इंजीनियर ने बताया कि फिलहाल प्लेटफार्म नंबर तीन की तरफ जो ओवरब्रिज बन रहा था, उसका काम शुरू करा दिया गया है। अधूरे पिलर पूरे कराए जा रहे हैं।