Indian Railways News => Topic started by railenquiry on Aug 22, 2013 - 08:57:16 AM


Title - ..और बोगियों को छोड़कर चला गया इंजन---Engine and went expect the bogies
Posted by : railenquiry on Aug 22, 2013 - 08:57:16 AM

लखनऊ। चंदौली में रेलवे की लापरवाही का एक और नमूना सोमवार देर रात सामने आया। दानापुर रेल मंडल के धीना रेलवे स्टेशन के पास गुवाहाटी से नई दिल्ली जा रही राजधानी एक्सप्रेस का इंजन बोगियों को छोड़ धड़धड़ाता निकल गया। संयोग ही था कि बड़ा हादसा टला। बाद में इंजन को वापस लाकर बोगी से जोड़ा गया और लगभग सवा घंटे बाद ट्रेन दिल्ली के लिए रवाना हुई। हादसे के चलते अप लाइन से गुजरने वाली महानंदा एक्सप्रेस, बक्सर मुगलसराय पैसेंजर व पटना कुर्ला एक्सप्रेस ट्रेन को लूप लाइन से निकालकर आगे के लिए रवाना किया गया।

रात होने के कारण कुछ देर तक तो यात्रियों को इसकी जानकारी ही नहीं हुई। काफी देर बाद जब उन्होंने ट्रेन के रुके होने की तहकीकात की तो पता लगा कि गाड़ी का इंजन बोगियों से अलग होकर आगे निकल चुका है। बिना इंजन के काफी दूर तक ट्रेन के चलने की जानकारी पाकर जगे यात्री सिहर उठे।

स्टेशन अधीक्षक रमन कुमार ने बताया कि राजधानी ट्रेन के पास होने का सिग्नल हो चुका था, पैनल रूम में स्टेशन मास्टर शेखर कुमार मौजूद थे। उन्होंने देखा कि ट्रेन का इंजन तो जा रहा है, जबकि बोगियां नदारद हैं। उन्होंने निरीक्षण किया तो काफी पीछे उसके डिब्बे दिखे। वाकी टाकी से उन्होंने गार्ड को इसकी जानकारी दी, गार्ड ने चालक को। तब तक इंजन दो किलोमीटर से आगे एडवांस सिग्नल पार कर चुका था। स्टेशन अधीक्षक के अनुसार इंजन व बोगी को जोड़ने वाली कपलिंग ढीली हो गई थी, इसलिए डिब्बे और इंजन अलग हो गए।