| Indian Railways News => | Topic started by Jitendar on Aug 09, 2013 - 20:58:15 PM |
Title - - आठ घंटे बंद रहा मुगलसराय रूट, 34 ट्रेनें प्रभावित - Amar UjalaPosted by : Jitendar on Aug 09, 2013 - 20:58:15 PM |
|
|
इलाहाबाद। महानंदा एक्सप्रेस के पेंटो से टूटकर गिरी ओएचई लाइन के कारण इलाहाबाद से मुगलसराय के बीच आठ घंटे तक ट्रेनों का संचालन ठप रहा। इसके कारण 34 ट्रेनें प्रभावित हुईं। ज्यादातर ट्रेनों को गैपुरा से फतेहपुर के बीच में जगह-जगह घंटों रोके रखा गया। इस दौरान गुवाहाटी राजधानी समेत सात ट्रेनों को बदले रूट से रवाना किया गया। इसमें चार ट्रेनें इलाहाबाद-रामबाग-वाराणसी होते हुए भेजी गईं। ट्रेनों के रुकने के कारण यात्रियों ने भी हो-हल्ला किया। मंगलवार की रात गैपुरा के पास महानंदा एक्सप्रेस के पेंटो से टूटकर ओएचई तार टूट गए। इसके कारण डाउन लाइन यानी इलाहाबाद से मुगलसराय जाने वाली ट्रेनों के संचालन ठप पड़ गया। बताते हैं कि ट्रेन के पेंटो में तार फंसने के कारण करीब एक किलोमीटर से ज्यादा दूरी तक ओएचई बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इसकी मरम्मत के लिए पहले मिर्जापुर और इलाहाबाद से टॉवर वैगन भेजे गए। दिक्कत बड़ी होने पर मुगलसराय से भी टॉवर वैगन मंगाए गए। चार टॉवर वैगन की मदद से आठ घंटे बाद भोर में चार बजे ट्रेनों को डाउन लाइन पर चालू किया जा सका। इस दौरान आधा दर्जन राजधानी एक्सप्रेस, दूरंतो, गरीबरथ, तूफान एक्सप्रेस, मुंबई मेल, संघमित्रा एक्सप्रेस, त्रिवेणी एक्सप्रेस, महाबोधि एक्सप्रेस समेत 34 ट्रेनें विभिन्न स्टेशनों पर रोक दी गईं। दर्जनभर ट्रेनें नैनी, इलाहाबाद और सूबेदारगंज के बीच फंसी रहीं। जानकारी के अभाव में बीच रास्ते फंसी ट्रेनों के यात्रियों ने हंगामा भी काटा। सीपीआरओ संदीप माथुर के मुताबिक तीन ट्रेनें कानपुर-लखनऊ-सुल्तानपुर-वाराणसी के रास्ते भेजी गईं। गुवाहाटी राजधानी समेत चार ट्रेनें रामबाग-वाराणसी होकर चलाई गईं। |